भीषण जाम ने रुलाया, पुस्तक मेले और जू की भीड़ ने भैरो मार्ग और मथुरा रोड को रोका; 5 घंटे तक फंसे रहे लोग

By: Group Editor

On: Sunday, January 11, 2026 8:09 PM

Google News
Follow Us
#

प्रगति मैदान में विश्व पुस्तक मेला और चिड़ियाघर में भारी भीड़ के कारण रविवार को भैरो मार्ग, मथुरा रोड और इंडिया गेट सर्किल सहित नई दिल्ली के कई इलाकों में भीषण जाम लग गया। वाहन चालकों को चार-पांच घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। ट्रैफिक पुलिस को 40 से अधिक शिकायतें मिलीं। गलत पार्किंग और अत्यधिक भीड़ को जाम का मुख्य कारण बताया गया। पुलिस ने अतिरिक्त कर्मियों को बुलाकर स्थिति संभाली और भविष्य के लिए सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की अपील की।

HIGHLIGHTS 

1.विश्व पुस्तक मेला और चिड़ियाघर से दिल्ली में भीषण जाम।

2.भैरो मार्ग, मथुरा रोड, इंडिया गेट पर यातायात प्रभावित रहा।

3.गलत पार्किंग और अत्यधिक भीड़ जाम का मुख्य कारण बनी।

प्रगति मैदान में चल रहे विश्व पुस्तक मेला और चिड़ियाघर में उमड़ी भीड़ के कारण भैरो मार्ग व मथुरा रोड से लेकर इंडिया गेट सर्किल समेत नई दिल्ली के कई इलाके में रविवार सुबह से दोपहर तक ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इन इलाके में करीब चार से पांच घंटे तक भीषण जाम लगने वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हालात इतनी खराब हो गई कि भैरो मार्ग से लेकर इंडिया गेट सर्कल में वाहन रेंगते हुए नजर आए। कई रोड पर कई किलो मीटर तक लंबा जाम लग गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को जाम लगने की करीब 40 से अधिक कॉल्स मिलीं। लोगों ने ट्रैफिक पुलिस से घंटों जाम में फंसे रहने व जाम को जल्द खुलवाने की शिकायत की।

जाम पहले मथुरा रोड से लगना शुरू हुआ वाहनों की लंबी कतारें काफी दूर तक फैल गई जिससे इंडिया गेट सर्कल प्रभावित हुआ। जाम की स्थिति यह थी कि इंडिया गेट सर्कल पार करने में आधे से एक घंटे का समय लग गया।

ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई

ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि बुक फेयर को ध्यान में रखते हुए पहले से ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई थी, पर्याप्त बंदोबस्त भी किए गए थे। वहां आसपास की सड़कों पर कई ट्रैफिक एसीपी व इंस्पेक्टर तैनात किए गए थे। बावजूद इसके अचानक अत्यधिक भीड़ बढ़ जाने से पार्किंग की समस्या को लेकर हालात बिगड़ गई। चिड़ियाघर और बुक फेयर में आने वाले बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी-अपनी गाडिय़ां सड़क किनारे ही खड़ी कर दीं, जिससे लेन संकरी हो गई और ट्रैफिक का दबाव बढ़ता चला गया।

अतिरिक्त कर्मियाें को बुलाना पड़ा

ट्रैफिक पुलिस को जाम खुलवाने के लिए अतिरिक्त कर्मियाें को बुलाना पड़ा। इसके बाद गलत तरीके से की गई पार्किंग वाली गाडिय़ों को हटवाया गया। जाम का असर भैरो मार्ग और मथुरा रोड के अलावा नई दिल्ली व दक्षिण-पूर्वी जिला के कई इलाकों में भी देखने को मिला। आइटीओ, दिल्ली गेट, मंडी हाउस, लक्ष्मी नगर, मूलचंद और हजरत निजामुद्दीन समेत इंडिया गेट के आसपास भी ट्रैफिक प्रभावित नजर आया।

राहत की बात यह रही कि यह स्थिति रविवार को बनी, जब दफ्तरों का दबाव कम रहता है। अगर यही हालात वीक डेज के पीक आवर्स में होते तो जाम और भी भयावह रूप ले सकता था। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बड़े आयोजनों के दौरान सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहन खड़े करें, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।

Group Editor

पंकज तिवारी मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रहने वाले एक पत्रकार हैं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। पंकज एक मीडिया पेशेवर के रूप में सक्रिय हैं और सिंगरौली में स्थानीय समाचार कवरेज, के साथ राष्ट्रिय पत्र पत्रिकाओं जुड़े हैं।
For Feedback - editor@singraulitime.in

Join WhatsApp

Join Now

Subscribe YouTube

Subscribe Now