झारखंड बीजेपी का अध्यक्ष कौन? चौंकाने वाला नाम या इस नेता को मिलेगी कमान, जातीय समीकरण भी साधेगी भाजपा

By: Group Editor

On: Sunday, January 11, 2026 8:17 PM

Google News
Follow Us
#

भाजपा ने झारखंड में जिलाध्यक्षों का चुनाव संपन्न कर लिया है। अब प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसके पर्यवेक्षक जुएल उरांव हैं। मकर संक्रांति के बाद रांची में यह चुनाव होगा। पार्टी ओबीसी आबादी को ध्यान में रखकर यह निर्णय लेगी।

HIGHLIGHTS 

1.भाजपा ने झारखंड में जिलाध्यक्षों के चुनाव पूरे किए।

2.मकर संक्रांति के बाद होगा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव।

भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में जिलाध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। रविवार को प्रदेश कार्यालय में सभी नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को सम्मानित भी किया गया।

भाजपा ने जिलों में प्रदेश प्रतिनिधि भी बनाए हैं। यही लोग प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन में मतदान करते हैं। केंद्रीय नेतृत्व ने जुएल उरांव को प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए पर्यवेक्षक बनाया है।

14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के बाद जुएल उरांव रांची में प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू को पार्टी कमान सौंप देगी।

प्रदेश अध्यक्ष के चयन में भाजपा राज्य में बड़ी ओबीसी आबादी की भावना का ध्यान रखेगी। इस समीकरण में भी आदित्य साहू फिट बैठते हैं। विधायक दल के नेता के तौर पर आदिवासी समाज से बाबूलाल मरांडी और ओबीसी प्रदेश अध्यक्ष की जोड़ी की परीक्षा आने वाले निकाय चुनाव में भी होगी।

जिलाध्यक्षों को एसआईआर पर जनता के बीच जाने की सलाह

रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को आने वाले दिन में एसआईआर पर जनता के बीच जाकर पार्टी का पक्ष रखने की सलाह दी गई। राज्य की जनसंख्या में हो रहे परिवर्तन और इससे होने वाले खतरे को भी लोगों को बताने को कहा गया है।

राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक मुद्दों के अलावा भाजपा घुसपैठ के मुद्दे को जीवंत रखना चाहती है। इसके अलावा आने वाले निकाय चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को लगाने के लिए भी जिलाध्यक्षों से कहा गया है।

जिलाध्यक्षों की बैठक को प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी संबोधित किया।

 

 

 

Group Editor

पंकज तिवारी मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रहने वाले एक पत्रकार हैं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। पंकज एक मीडिया पेशेवर के रूप में सक्रिय हैं और सिंगरौली में स्थानीय समाचार कवरेज, के साथ राष्ट्रिय पत्र पत्रिकाओं जुड़े हैं।
For Feedback - editor@singraulitime.in

Join WhatsApp

Join Now

Subscribe YouTube

Subscribe Now