प्रयागराज में 14 जनवरी से रेलवे स्टेशनों पर लागू होगी ‘वन-वे’ व्यवस्था, संगम स्टेशन रहेगा बंद

By: Group Editor

On: Monday, January 12, 2026 7:24 PM

Google News
Follow Us
#

माघ मेला के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन के लिए प्रयागराज के रेलवे स्टेशनों पर 14 जनवरी से ‘वन-वे’ व्यवस्था लागू होगी। मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या को देखते हुए प्रयागराज जंक्शन पर प्रवेश लीडर रोड से होगा, जबकि निकासी सिविल लाइंस की ओर से होगी। प्रयागराज संगम स्टेशन 20 जनवरी तक बंद रहेगा। यह प्रणाली बसंत पंचमी सहित अन्य स्नान पर्वों पर भी प्रभावी रहेगी, जिससे यात्रियों को सुविधा हो।

HIGHLIGHTS 

1.14 जनवरी से प्रयागराज स्टेशनों पर ‘वन-वे’ व्यवस्था लागू होगी।

2.प्रयागराज संगम स्टेशन 20 जनवरी तक यात्रियों के लिए बंद।

3.मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या हेतु विशेष प्रवेश-निकास मार्ग।

प्रयागराज। माघ मेला में मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या पर उमड़ने वाले भक्ति के सैलाब को सुरक्षित राह देने के लिए रेलवे प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। 14 जनवरी की आधी रात से प्रयागराज के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ”वन-वे” फार्मूला प्रभावी हो जाएगा।

इस नई व्यवस्था के तहत अब यात्रियों के लिए स्टेशन में प्रवेश करने और बाहर निकलने के रास्ते अलग-अलग तय कर दिए गए हैं। यानी स्टेशन के जिस दरवाजे से आप अंदर जाएंगे, वहां से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।

प्रयागराज जंक्शन के लिए जारी गाइडलाइन के अनुसार, यात्रियों को केवल लीडर रोड (सिटी साइड) की तरफ से ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, ट्रेन से उतरने के बाद बाहर निकलने के लिए यात्रियों को सिविल लाइन्स साइड का उपयोग करना होगा।

मकर संक्रांति से लेकर मौनी अमावस्या की भीड़ को देखते हुए 14 से 20 जनवरी तक सिविल लाइन्स की ओर से प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अनारक्षित यात्रियों की सुविधा के लिए यात्री आश्रयों के भीतर ही टिकट काउंटर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उन्हें प्लेटफार्म तक पहुंचने में आसानी हो।

भीड़ नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए दारागंज स्थित प्रयागराज संगम स्टेशन को 20 जनवरी तक यात्रियों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसी तरह की ‘एकल दिशा व्यवस्था’ शहर के अन्य स्टेशनों पर भी लागू रहेगी। सूबेदारगंज स्टेशन पर प्रवेश झलवा रोड की तरफ से होगा और निकासी जीटी रोड की ओर से की जाएगी।

छिवकी स्टेशन पर एंट्री के लिए सीओडी रोड का गेट तय है, जबकि वापसी जीईसी रोड की तरफ से होगी। नैनी जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर-एक से प्रवेश मिलेगा और प्लेटफॉर्म नंबर-चार से निकास की सुविधा रहेगी।

मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह के मुताबिक, यह विशेष चौकसी केवल मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या पर ही नहीं, बल्कि बसंत पंचमी, माघी पूर्णिमा और महाशिवरात्रि पर भी जारी रहेगी।

प्रत्येक स्नान पर्व से एक दिन पूर्व यह पाबंदी लागू होगी और स्नान के दो दिन बाद तक प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले इन रूटों की जानकारी कर लें ताकि उन्हें असुविधा न हो।

 

 

Group Editor

पंकज तिवारी मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रहने वाले एक पत्रकार हैं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। पंकज एक मीडिया पेशेवर के रूप में सक्रिय हैं और सिंगरौली में स्थानीय समाचार कवरेज, के साथ राष्ट्रिय पत्र पत्रिकाओं जुड़े हैं।
For Feedback - editor@singraulitime.in

Join WhatsApp

Join Now

Subscribe YouTube

Subscribe Now