बुधनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करते हुए अपने 100 वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इसी उपलक्ष्य में सेवा भारती समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के बीच अपने सेवा प्रकल्पों के माध्यम से शिक्षा, संस्कार और सहयोग का कार्य कर रही है।
सिद्धपुर सेवा भारती समिति बुधनी के तत्वावधान में श्रीमती शांता देवी आश्रम, बुधनी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता श्री रामानंद महेश्वरी, जिला संघ चालक एवं सेवा भारती के जिला सेवा प्रमुख पारस बर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे अक्सर शिक्षा और संस्कार से वंचित रह जाते हैं, लेकिन सेवा भारती अपने समर्पित प्रकल्पों के जरिए इन परिवारों तक प्रकाश और अवसर पहुंचा रही है।
इस अवसर पर विशेष रूप से दीनदयाल बस्ती की महिला भजन टोली और आजाद बस्ती की महिला भजन मंडली का मंच पर फूल माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भावपूर्ण वातावरण में सेवा भारती के इस प्रयास की सराहना की और इसे समाज में वास्तविक सेवा का उदाहरण बताया।






