मैया अभियान के तहत की गई साफ-सफाई
डिण्डौरी। प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले माँ नर्मदा स्वच्छता कार्यक्रम “मैया अभियान” के अंतर्गत इस बार माँ नर्मदा स्वर्ण मंदिर डेम घाट में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
गणेश विसर्जन के दौरान घाटों पर भंडारे आयोजित होने से जगह-जगह दोना-पत्तल, पन्नी, खाद्य सामग्री, नारियल और फूल-मालाएं फैली हुई थीं। रविवार सुबह 7 बजे से मैया अभियान के सेवादारों ने घाट पर झाड़ू लगाकर सफाई की और करीब दो ट्रॉली दूषित सामग्री बाहर निकाली।
अभियान के सक्रिय सदस्य जिला आयुष अधिकारी डॉ. संतोष परस्ते ने नगरवासियों से अपील की कि जब भी घाटों पर भंडारे आयोजित हों, तो उनकी सफाई की जिम्मेदारी आयोजक समिति निभाए। उन्होंने कहा कि लगातार गंदगी फैलने से माँ नर्मदा का जल दूषित होता है और जलीय जीवों के लिए खतरा उत्पन्न होता है।
मैया अभियान के सेवादारों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि घाटों पर कचरा पेटियां लगाई जाएं और गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाए।
नेहरू युवा केंद्र जिला समन्वयक आर.पी. कुशवाहा ने नगर के विद्यालयों के विद्यार्थियों से अपील की कि वे भी इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।
रविवार की सेवा में डॉ. संतोष परस्ते, आर.पी. कुशवाहा, प्राचार्य शाहिद खान, शिक्षक जितेन्द्र दीक्षित, पशु चिकित्सक गणेश गवले, मनोज चौकसे, प्राचार्य रामविशाल मिथलेश, भागवत यादव, ओमवीर जाट, नीलकंठ ब्रम्हे, मनोज बक्शी सहित विद्यार्थी माही बरोतीया, यथार्थ यादव, संतोष परमार, अवध गोहिया, महेन्द्र उचेहरा आदि ने श्रमदान कर माँ नर्मदा की सेवा में योगदान दिया।






