20% कमीशन में घटिया निर्माण! जनता का पैसा पानी में बहा
विधायक निधि का पुल पहली ही बारिश में बहा, ग्रामीणों में आक्रोश
बैतूल। शाहपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत खोखरा में दो महीने पहले विधायक निधि से बनवाया गया पुल पहली ही बारिश में बह गया। यह पुल खोखरा से शीतलझीरी मार्ग को जोड़ता था और हजारों ग्रामीणों के लिए एकमात्र आवागमन का सहारा था।
भाजपा विधायक पर समाजसेवी और युवा नेता कमलेश यादव ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह पुल जनता की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि विधायक द्वारा अपने खास ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के लिए बनवाया गया था। आरोप है कि 20 प्रतिशत कमीशन लेकर घटिया ठेकेदार को काम दिया गया और नतीजा यह हुआ कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पुल पहली ही बरसात में बह गया।
कमलेश यादव ने इसे जनता के पैसों की खुली लूट बताया और कहा कि भ्रष्टाचार और लापरवाही का खामियाजा अब गांव के लोग भुगत रहे हैं। खोखरा और आसपास के गांवों के ग्रामीणों में भी भाजपा नेताओं और विधायक के खिलाफ गहरा गुस्सा है।
ग्रामीणों का कहना है कि विधायक ने जनता के पैसों का दुरुपयोग कर अपने करीबी लोगों को फायदा पहुंचाया और जनता को घटिया निर्माण का बोझ सहना पड़ा। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि टूटे हुए पुल से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण अब शासन-प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।






