पहले दिन 67 ग्रामों में 2352 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, 1731 को मिला उपचार
श्योपुर। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के नवाचार के तहत जिले में नारी स्वास्थ्य संजीवनी अभियान की शुरुआत रविवार को व्यापक रूप से हुई। अभियान के पहले दिन जिले के 67 ग्रामों में नारी स्वास्थ्य कल्याण शिविर आयोजित किए गए, जिसमें कुल 2352 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 1731 महिलाओं को उपचार प्रदान किया गया।
अभियान के पहले दिन श्योपुर विकासखण्ड में 708, कराहल में 1119 और विजयपुर विकासखण्ड में 516 महिलाओं की जांच की गई। इसमें 383 एएनसी जांच, 1986 महिलाओं का ब्लड प्रेशर परीक्षण, 729 की हाइपरटेंशन स्क्रीनिंग, 262 टीबी जांच और 1159 एनएफएलडी जांच शामिल रही। जांच के दौरान 100 महिलाएं हाईरिस्क गर्भवती के रूप में चिन्हित हुईं, जिन्हें निगरानी में रखा गया। वहीं 1173 महिलाओं को आयरन की टेबलेट और 153 को एल्बेंडाजोल की गोली प्रदान की गई।
अभियान के तहत कुल 390 सहरिया बस्तियों में शिविर लगाये जाएंगे। इन शिविरों में महिलाओं से संबंधित 8 प्रकार की जांचें की जा रही हैं, जिनमें एएनसी, एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी जांच, हाईरिस्क गर्भवती जांच, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और शुगर जांच शामिल हैं।
10 सितंबर को 62 ग्रामों में लगेगा शिविर
अगले चरण में 10 सितंबर को जिले के 62 गांवों में शिविर आयोजित होंगे। इनमें श्योपुर विकासखण्ड के 17, कराहल के 27 और विजयपुर विकासखण्ड के 18 गांव शामिल हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना और समय पर उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके।






